हल्द्वानी: उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर हल्द्वानी में आयोजित होने वाले बड़े कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज नैनीताल जनपद के दौरे पर रहेंगे और एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और ट्रैफिक प्लान को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कार्यक्रम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण और जनहित के फैसले लिए हैं, जिनका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिला है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह कार्यक्रम लोगों के लिए नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आएगा।
इसके साथ ही उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) का भी जिक्र करते हुए कहा कि इस दिशा में उत्तराखंड ने देश में अग्रणी भूमिका निभाई है और अन्य राज्य भी अब इसे अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं तय समय के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।
