हल्द्वानी: उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हल्द्वानी में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीपैड पर उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत करते हुए उत्तराखंडी टोपी पहनाई और गुलदस्ता भेंट किया।
कार्यक्रम स्थल तक दोनों नेताओं की करीबी और तालमेल साफ नजर आया। मंच पर भी सीएम धामी और राजनाथ सिंह साथ खड़े दिखे। दोनों के बीच आत्मीयता और सहजता ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री धामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि धामी न सिर्फ “धाकड़” हैं, बल्कि “धुरंधर” भी हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में धामी के नेतृत्व में पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला था।
राजनाथ सिंह ने कहा कि चार साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने बेहतरीन काम किया है और “चौका” लगाया है। उन्होंने भरोसा जताया कि छह साल पूरे होने पर धामी “छक्का” भी मारेंगे। उन्होंने राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटन को बढ़ावा और युवाओं को रोजगार देने के प्रयासों की सराहना की।
इस कार्यक्रम को लेकर हल्द्वानी में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में लोग जनसभा में शामिल हुए।
