उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून: उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। बीते कुछ दिनों से पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
इसके अलावा इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
देहरादून में आज आसमान आंशिक रूप से साफ से लेकर बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ इलाकों में गरज वाले बादल बनने के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल, प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा भी जताया गया है, जिससे दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
