देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने महावीर जयंती की छुट्टी को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब राज्य में महावीर जयंती का अवकाश 30 मार्च, सोमवार को रहेगा। पहले यह अवकाश 31 मार्च को घोषित किया गया था, जिसे अब संशोधित कर दिया गया है।
सरकार द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, 30 मार्च को सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे, जबकि 31 मार्च को सामान्य रूप से कार्य होगा। यह बदलाव जैन पंचांग के अनुसार किया गया है, जिसमें महावीर जयंती 30 मार्च को पड़ रही है।
इस निर्णय के बाद सरकारी कर्मचारियों को लगातार दो दिन का अवकाश मिलेगा, क्योंकि 29 मार्च को रविवार है और उसके अगले दिन 30 मार्च को महावीर जयंती का अवकाश रहेगा।
महावीर जयंती जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। यह पर्व चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी को आता है। भगवान महावीर ने अहिंसा, सत्य और शांति का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक माना जाता है।

