रामनगर: नैनीताल जिले के खताड़ी क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर 70 वर्षीय बुजुर्ग चौकीदार के साथ मारपीट करने का आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, वाल्मीकि मोहल्ला निवासी ओमप्रकाश, जो जीआईसी खताड़ी में चौकीदार हैं, 22 मार्च की रात ड्यूटी पर जा रहे थे। रास्ते में खताड़ी चौकी के पास मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ करने लगा। आरोप है कि पुलिसकर्मी नशे की हालत में था और उसने बिना किसी वजह के बुजुर्ग के साथ गालीगलौज शुरू कर दी।
परिवार का कहना है कि इसके बाद पुलिसकर्मी ने ओमप्रकाश को जमीन पर पटक दिया और उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके परिजन को भी कथित तौर पर पीटा गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके कंधे में फ्रैक्चर की पुष्टि की और ऑपरेशन की जरूरत बताई।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें चौकी के पास बुरी तरह पीटा गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। परिवार के मुताबिक, ओमप्रकाश ही घर के मुख्य सहारा हैं, ऐसे में घटना के बाद परिवार चिंता में है।
मामले पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने कहा कि शिकायत मिल गई है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और लोग आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
