देहरादून : प्रेमनगर क्षेत्र में छात्र दिव्यांशु जाटराना की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है। झगड़े और मारपीट की इस घटना में शामिल सात फरार आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। साथ ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर जमानती वारंट भी जारी करवा लिए गए हैं।
यह घटना 23 मार्च की रात की है, जब प्रेमनगर के केहरी गांव में छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए छात्र दिव्यांशु जाटराना को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें बाद में कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा और अंकित भारद्वाज शामिल हैं। पुलिस ने इनसे पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर सात अन्य आरोपियों की पहचान हुई।
फरार आरोपियों में ऋतिक राज, शांतनु कुमार, उज्जवल सिंह, अंकुर, आदित्यराज, विनीत राज और प्रहलाद राज के नाम सामने आए हैं। ये सभी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं।
पुलिस की कई टीमें इन आरोपियों की तलाश में अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही हैं। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने साफ कहा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
