प्रतीकात्मक तस्वीर.
लालकुआं: बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद एक युवक ने जहर खाकर अपनी जान गंवा दी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक सिंह मेहता, निवासी रावत नगर बिंदुखत्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोककर कच्ची शराब के शक में पूछताछ की थी। इस दौरान उसके साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैला दिया गया।
परिजनों का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद दीपक गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था। उसने लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया था और लगातार दबाव महसूस कर रहा था। परिवार का आरोप है कि बिना सच्चाई जाने वीडियो वायरल कर उसकी छवि को नुकसान पहुंचाया गया।
घटना के दिन दीपक घर से कुछ दूरी पर स्थित एक स्कूल परिसर पहुंचा, जहां उसने सल्फास खा लिया। जहर खाने के बाद उसने खुद ही फोन कर परिजनों को जानकारी दी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दीपक अपने परिवार का सबसे बड़ा सदस्य था और अपने पीछे दो बेटियां और तीन महीने का बेटा छोड़ गया है। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों ने मांग की है कि वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यह घटना सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल और उसके गंभीर परिणामों को एक बार फिर उजागर करती है।
