हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का गुस्सा उबाल पर पहुंच गया। बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और विरोध प्रदर्शन ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
तीसरे और पांचवें सेमेस्टर के नतीजों में 40 से 50 प्रतिशत तक छात्र फेल हो गए, जिससे नाराज छात्र कॉलेज परिसर में इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते कुछ छात्र बहुउद्देशीय भवन की तीसरी मंजिल पर चढ़ गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने कूदने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और कॉलेज प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई।
छात्रों का कहना है कि कई विषयों में उन्हें उम्मीद के विपरीत अंक मिले हैं, यहां तक कि कुछ में शून्य अंक भी दिए गए हैं। इसी को लेकर वे कॉपियों की दोबारा जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो उनके भविष्य पर असर पड़ेगा।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रों की शिकायतों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है और मामले में आगे का निर्णय जल्द लिया जाएगा। घटना के बाद कॉलेज परिसर में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन छात्रों में नाराजगी बनी हुई है।
