उत्तराखंड मौसम अपडेट
नैनीताल: तराई-भाबर क्षेत्र में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दिन में तेज गर्मी का एहसास होने लगा है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे रात के समय लोगों को हल्की राहत मिली।
इसी बीच मौसम में बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं। उत्तराखंड के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार से प्रदेशभर में मौसम करवट ले सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और बढ़ती गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
