नैनीताल : नैनीताल की उभरती धाविका वैष्णवी बिष्ट ने अपनी शानदार प्रदर्शन से पूरे जिले का मान बढ़ा दिया है। देहरादून के महाराणा प्रताप स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में वैष्णवी ने 400 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
कक्षा 11 में पढ़ने वाली वैष्णवी मोहनलाल शाह बाल विद्या मंदिर, नैनीताल की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में उनका लगातार बेहतर प्रदर्शन यह दिखाता है कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने गर्व जताया है और इसे अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बताया है।
इस सफलता के पीछे उनके कोच निखिल आर्य और निहारिका गुसाईं की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन रहा है। वहीं स्कूल की प्रिंसिपल अनुपमा साह और शिक्षकों का भी उन्हें लगातार सहयोग मिलता रहा। वैष्णवी खुद मानती हैं कि उनके शिक्षकों और कोच का भरोसा ही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता है।
परिवार का साथ भी उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। उनके पिता संजय बिष्ट और माता अनुभा बिष्ट ने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वैष्णवी के परिवार में खेल की परंपरा भी रही है। उनके दादाजी सुरेंद्र सिंह बिष्ट अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं और सेना में कोच के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। दादाजी से मिली प्रेरणा और अनुशासन ने ही वैष्णवी को इस मुकाम तक पहुंचाया है।
कोच निखिल आर्य के मुताबिक, वैष्णवी की सबसे बड़ी ताकत उनकी मेहनत, अनुशासन और कभी हार न मानने वाला जज़्बा है। यही कारण है कि वह कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना रही हैं।
वैष्णवी की इस उपलब्धि से नैनीताल और पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। छोटी उम्र में हासिल यह बड़ी सफलता आने वाले समय में और भी बड़े मुकाम की ओर इशारा कर रही है।
