हल्द्वानी: वन्यजीवों द्वारा इंसानों को नुकसान पहुंचाने और बढ़ती मौतों की घटनाओं को लेकर हल्द्वानी के काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद अजय भट्ट ने की, जिसमें वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक में सांसद अजय भट्ट ने साफ निर्देश दिए कि वन्यजीव-मानव संघर्ष को रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन को मिलकर प्रभावी रणनीति बनाने को कहा।
सांसद ने विशेष रूप से जनजागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान चलाया जाए, जिससे लोग सतर्क और जागरूक हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जो क्षेत्र वन्यजीवों के लिहाज से संवेदनशील हैं, वहां पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की जाए और पहाड़ी इलाकों में झाड़ियों का नियमित कटान किया जाए।
उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि जो लोग जंगल में चारा लेने जाते हैं, वे समूह में जाएं और समय निर्धारित करके ही जंगल में प्रवेश करें। साथ ही सुरक्षा के लिए वन विभाग द्वारा गार्ड तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान सुझाव दिया गया कि जिन क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही ज्यादा है, वहां पहले से पिंजरे और कैमरे लगाए जाएं, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके। इसके अलावा वन आच्छादित गांवों में सोलर लाइट, सोलर फेंसिंग, चारा वितरण और झाड़ी कटान जैसे कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्वनी पाटिल ने बताया कि विभाग वन्यजीवों से होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में कार्यशालाएं आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और इस अभियान को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में नैनीताल जनपद में वन्यजीव और सांप के हमलों में 27 लोगों की मौत हुई थी, जिन सभी पीड़ित परिवारों को विभाग द्वारा सहायता राशि दी जा चुकी है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिन क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, वहां प्रशासन द्वारा तुरंत चारा उपलब्ध कराया जा रहा है और पीड़ितों को सहायता राशि भी शीघ्र दी जा रही है। साथ ही वन क्षेत्रों में सोलर लाइट और सोलर फेंसिंग लगाने का काम भी जारी है।
बैठक में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

