देहरादून: उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 14 अप्रैल को उनके संभावित कार्यक्रम की चर्चा के बीच भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रही है। संगठन स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है, वहीं कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय कर दिया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है और यहां की जनता के साथ उनका भावनात्मक रिश्ता है। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के प्रदेश आगमन की संभावना को देखते हुए पार्टी तैयारियों में जुट गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब भी प्रधानमंत्री उत्तराखंड आते हैं, राज्य को कोई न कोई बड़ी सौगात जरूर मिलती है। इस बार दिल्ली-देहरादून हाईवे के उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है। यह परियोजना राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके शुरू होने से देहरादून और दिल्ली के बीच यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
दौरे को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। जनसभा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।
राजनीतिक नजरिए से भी यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। आगामी चुनावों और विकास योजनाओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा इसे एक बड़े मौके के रूप में देख रही है। इस दौरान सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता के सामने रख सकती है और भविष्य की योजनाओं का भी संदेश दे सकती है।
