नवीन चंद्र
हल्द्वानी: भुजियाघाट क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां गधेरे में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब गधेरे में उतराते शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
जांच के दौरान शव की पहचान पवलगड़ कोटाबाग क्षेत्र में डाक विभाग में कार्यरत पोस्टमैन नवीन चंद्र के रूप में हुई। वह अपनी बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि वह सुयालबाड़ी गांव की ओर जा रहे थे, लेकिन उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मौके से पुलिस को एक काले रंग का बैग भी बरामद हुआ, जिसमें मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पुष्टि हुई। नवीन चंद्र बैलपोखरा रामनगर के बंदरजूड़ा क्षेत्र के निवासी थे। उनकी बेटी भावना की शादी 21 अप्रैल को होनी थी, लेकिन उससे पहले ही इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों का कहना है कि नवीन अल्मोड़ा की ओर गए थे, ऐसे में उनका भुजियाघाट पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद शादी वाले घर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
