देहरादून: देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ सप्ताह का कार्यक्रम उस समय विवादों में आ गया, जब हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने मंच से प्रस्तुति के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर दिया। कार्यक्रम में उनके साथ गायक अजय हुड्डा भी मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि 11 अप्रैल को हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अतिथि मौजूद थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद मंच पर माहौल अचानक बदल गया, जब गायक ने प्रस्तुति के दौरान अभद्र शब्दों का प्रयोग शुरू कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी, कॉलेज स्टाफ और छात्र असहज हो गए। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन स्थिति कुछ देर तक नियंत्रण में नहीं आ सकी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। डालनवाला थाना पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू करते हुए गायक को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विवाद बढ़ने के बाद गायक ने सोशल मीडिया के जरिए सफाई देते हुए माफी भी मांगी है। उनका कहना है कि कार्यक्रम से पहले वह और उनकी टीम एक तनावपूर्ण स्थिति से गुजर रहे थे, जिसका असर उनके व्यवहार में दिखाई दिया। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उनके शब्दों से यदि किसी को ठेस पहुंची है, तो इसके लिए वे क्षमा चाहते हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
