देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज में भक्ति, सेवा और मानवता के संदेश को फैलाने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन आज भी लाखों-करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। उनकी शिक्षाएं सादगी, करुणा और सेवा भाव पर आधारित हैं, जो आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म लोगों को सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करेगी और खासतौर पर युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित फिल्में भारतीय परंपरा और सनातन मूल्यों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में योग गुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म के निर्देशक शरद सिंह ठाकुर और अन्य कलाकार भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी लोगों को इस प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं।
