देहरादून: मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। इस दौरान प्रधानमंत्री करीब 11,963 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर को जनता को समर्पित करेंगे, जिससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच सफर और अधिक आसान और तेज हो जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए सहारनपुर के गणेशपुर हेलीपैड जाएंगे। यहां से वह एलिवेटेड कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से होते हुए मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे, जहां वह पूजा-अर्चना करेंगे।
दोपहर करीब 12 बजे प्रधानमंत्री देहरादून में करीब 12 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इस दौरान जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा और कार्यकर्ता पुष्प वर्षा करेंगे। इसके बाद वह गढ़ी कैंट स्थित मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और एक्सप्रेसवे सहित कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री के इस दौरे के मद्देनजर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी है। शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, जिससे आम लोगों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
वन विभाग ने भी विशेष तैयारियां की हैं। एक्सप्रेसवे और डाट काली मंदिर के आसपास बंदरों की मौजूदगी को देखते हुए वनकर्मियों की टीम तैनात की गई है, जो कार्यक्रम के दौरान मार्ग को सुरक्षित बनाए रखने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दौरे को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।
