Oplus_16908288
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में सर्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित 70वां दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। सोमवार को महानवमी के अवसर पर नयना देवी मंदिर में विधि-विधान से हवन-यज्ञ और कन्या पूजन किया गया। इसके बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान नैनीताल घूमने आए पर्यटक भी भंडारे में शामिल हुए।
महानवमी के अवसर पर मुख्य पुजारी शुभ चक्रवर्ती के नेतृत्व में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। हवन-यज्ञ में कमेटी के महासचिव उमेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, शिवराज नेगी, दिनेश गुरुरानी, यश शर्मा और दिनेश भट्ट यजमान के रूप में शामिल हुए। पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
मंगलवार को निकलेगा मां दुर्गा का भव्य डोला: 70वें दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत मंगलवार को मां दुर्गा के भव्य डोले की शोभायात्रा निकाली जाएगी। कमेटी की ओर से इसकी तैयारियां की जा रही हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल ने बताया कि मंगलवार सुबह मां का डोला नयना देवी मंदिर परिसर से रवाना होकर पूरे शहर में भ्रमण करेगा। इस दौरान मंदिर के बाहर पुष्पवर्षा भी की जाएगी।
दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। महानवमी के धार्मिक आयोजनों के बाद अब सभी की नजर मंगलवार को निकलने वाली शोभायात्रा पर टिकी है।



