नैनीताल। शहर के मल्लीताल क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और कथित जातिसूचक टिप्पणियों को लेकर देर रात विवाद हो गया। मामला मल्लीताल कोतवाली तक पहुंचा, जहां वाल्मीकि समाज के लोगों ने एकत्र होकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कोतवाली के बाहर हंगामे की स्थिति बनी रही।
शिकायतकर्ता युवती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि एक युवक ने उसके प्रेमी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उसे भड़काने का प्रयास करते हुए जान से मारने की धमकी दी। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी सहेली के बॉयफ्रेंड ने उसकी दोस्त और पीजी संचालक को लेकर जाति तथा धर्म के संबंध में अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद वाल्मीकि समाज के लोग बड़ी संख्या में मल्लीताल कोतवाली पहुंचे। उन्होंने शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की।
पुलिस ने शुरू की जांच
मल्लीताल कोतवाली के एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि युवती की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



