नैनीताल: हल्दूचौड़ क्षेत्र के बमेटा बंगर खीमा स्थित हनुमान मंदिर रोड पर बाजार में बने तारा कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल से गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जनपद के गौना निवासी जीवन कुमार इंडियन ऑयल की गाड़ी में क्लीनर के रूप में कार्यरत हैं। वह पिछले लगभग तीन वर्षों से अपनी पत्नी मुन्नी देवी (30 वर्ष) और दो छोटे बच्चों के साथ हल्दूचौड़ के तारा कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल में रह रहे थे।
सोमवार शाम की यह घटना उस समय हुई जब उनका छोटा बेटा नीचे की मंजिल पर सीढ़ियों के पास खेल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मुन्नी देवी तीसरी मंजिल से रेलिंग के सहारे झुककर अपने बच्चे को आवाज दे रही थीं। तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे सीधे सड़क पर गिर पड़ीं।
गिरने के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष भास्कर सुयाल और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और किसी तरह निजी वाहन की मदद से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय मृतका का पति अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था, जिससे परिवार में किसी को भी तुरंत हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। जैसे ही खबर परिजनों तक पहुंची, पूरे परिवार में मातम पसर गया और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव अल्मोड़ा ले जाया गया, जहां पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
