रामनगर: उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म होने वाला है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर के सभागार में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती की मौजूदगी में रिजल्ट जारी किया जाएगा।
बोर्ड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी के अनुसार, इस बार परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की गई। खास बात यह रही कि पहली बार आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किए गए, जिससे छात्रों को सुविधा मिली। आंकड़ों के मुताबिक, हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। कुल मिलाकर 2,15,252 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है।
परीक्षा कार्यक्रम भी तय समय पर संपन्न हुआ। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी तक और लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से 20 मार्च तक आयोजित की गईं। सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही पाली में हुईं।
प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 156 संवेदनशील और 6 अति संवेदनशील केंद्र शामिल थे। टिहरी गढ़वाल में सबसे अधिक और चंपावत में सबसे कम केंद्र बनाए गए।
इस बार नई व्यवस्था के तहत सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए गए हैं, जिससे छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे।
