नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमा रहे युवक की जान चली गई। रामनगर रोड स्थित नयागांव वन विभाग चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर के बरहैनी (जबरान) निवासी पंजा सिंह का 18 वर्षीय बेटा अभिषेक सिंह नयागांव चेक पोस्ट के पास बेल के जूस का ठेला लगाता था। सोमवार दोपहर करीब पौने दो बजे वह अपने ठेले पर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था, तभी कालाढूंगी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सामने चल रही गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया।
अनियंत्रित कार सीधे ठेले में जा घुसी, जिससे ठेले के परखच्चे उड़ गए और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। एसएसआई पंकज जोशी के अनुसार, शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
