देहरादून/रामनगर: उत्तराखंड बोर्ड के लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार आखिरकार आज खत्म होने जा रहा है। हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम शनिवार सुबह 10 बजे घोषित किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत बोर्ड सभागार में आधिकारिक रूप से रिजल्ट जारी करेंगे।
उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद (UBSE) के अनुसार, इस वर्ष कुल 2,15,262 परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी थी। इनमें हाईस्कूल के 1,12,276 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च के बीच आयोजित हुई थी, जबकि कॉपियों का मूल्यांकन 27 मार्च से 10 अप्रैल तक पूरा किया गया।
बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी कर ली गई हैं और डाटा पंचिंग के बाद अब परिणाम जारी करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस बार 2025 की सुधार परीक्षा द्वितीय के नतीजे भी साथ में घोषित किए जाएंगे।
छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर जाकर देख सकेंगे। इसके अलावा रिजल्ट से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
रिजल्ट जारी होते ही छात्रों के मन में स्क्रूटनी, अंक सुधार और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर कई सवाल उठते हैं। ऐसे में बोर्ड द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों के जरिए छात्र सीधे अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
अब पूरे प्रदेश में छात्रों और अभिभावकों की नजरें सुबह 10 बजे पर टिकी हैं, जब महीनों की मेहनत का परिणाम सामने आएगा।
