Oplus_16908288
भीमताल क्षेत्र के मोरा गांव में मंगलवार को उस समय हलचल बढ़ गई जब वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया। क्षेत्र में बीते कई दिनों से जारी हमलों की वजह से ग्रामीण डर के साए में जी रहे थे।
भीमताल क्षेत्र के मोरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हाल ही में हुए हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल था। भदयूनी में 6 दिन पहले कमल सिंह बिष्ट की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। इसके साथ ही सूर्यजाला और ज्योली गांवों में दो महिलाओं पर भी हमले हुए थे, जिससे लोगों में भय के साथ ही भारी आक्रोश भी था।
इन घटनाओं के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में पिंजरे लगाकर अभियान तेज कर दिया था। जिसके बाद मोरा गांव में लगे पिंजरे में यह गुलदार कैद हो गया। हालांकि वन विभाग ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि पकड़ा गया वही आदमखोर है या नहीं, जिसने हाल के हमलों की अंजाम दिया था।
रेंजर नितिन पंत ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से साफ होगी। फिलहाल विभाग की टीमें गांवों में निगरानी बढ़ाकर लोगों को सुरक्षित रखने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही हैं।
