नैनीताल/रामनगर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला पांच दिवसीय दौरे पर सोमवार को नैनीताल जनपद पहुंचे। 27 अप्रैल से 1 मई 2026 तक प्रस्तावित इस भ्रमण के तहत उनके रामनगर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।
रामनगर में सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, अपर प्रमुख वन संरक्षक विवेक पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी और कॉर्बेट पार्क के निदेशक साकेत बडोला ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उनका पारंपरिक कुमाऊंनी अंदाज में अभिनंदन किया गया, जिसमें उन्हें कुमाऊंनी टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष 27 और 28 अप्रैल को जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 29 अप्रैल को वे रामनगर से नैनीताल पहुंचेंगे, जहां नैनी रिट्रीट में ठहरने के बाद एटीआई (प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान) में वन पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।
इसी दिन दोपहर बाद वे पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। शाम को नैना देवी मंदिर में दर्शन कर स्थानीय स्थलों का भ्रमण करेंगे और नैनीताल में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
30 अप्रैल को उनका कार्यक्रम नीम करौली बाबा के प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर में दर्शन करने का है। इसके बाद वे नैनीताल में अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
दौरे के अंतिम दिन 1 मई को लोकसभा अध्यक्ष सड़क मार्ग से नैनीताल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
