नैनीताल: शहर के स्टाफ हाउस क्षेत्र में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा सिमरन आर्या की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। 20 वर्षीय सिमरन का शव मंगलवार सुबह उसके कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला, जिससे परिवार और पड़ोसी गहरे सदमे में हैं। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। परिजनों और आसपास के लोगों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। सिमरन फंदे से लटकी हुई थी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
.
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कमरे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच के दौरान एक अहम बात सामने आई है। परिजनों और पड़ोसियों का कहना है कि हाल ही में कॉलेज में एक शिक्षक ने सिमरन को सबके सामने डांटा था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। इस पहलू को भी पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए जांच में शामिल कर लिया है। संबंधित शिक्षक से पूछताछ की भी तैयारी की जा रही है।
…
सिमरन पढ़ाई में काफी होनहार छात्रा थी। उसने 12वीं में अपने स्कूल में टॉप किया था और वर्तमान में डीएसबी परिसर में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। परिवार के मुताबिक, वह कुछ समय से तनाव में जरूर थी, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकती है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां, भाइयों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन की जांच और गवाहों के बयान के आधार पर ही घटना की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल मामले की जांच तेजी से जारी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
