नैनीताल के कृष्णापुर क्षेत्र में पहाड़ी से बोल्डर गिरने की घटना के बाद शुक्रवार को सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 4 मई की शाम कृष्णापुर क्षेत्र में पहाड़ी से भारी भरकम बोल्डर गिर गए थे। एक विशाल बोल्डर सड़क किनारे खड़ी कार पर गिरकर रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। नीचे स्थित आवासीय भवनों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ मौके का जायजा लिया। क्षेत्रवासियों ने उन्हें इलाके की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया।
दीपक रावत ने बताया कि सिंचाई विभाग को बोल्डर तोड़कर सड़क से हटाने तथा भविष्य में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, स्थानीय लोगों की सुविधा को देखते हुए दोपहिया वाहनों के लिए सी.सी. मार्ग के सर्वे कराने और मौजूदा मार्ग की जल्द मरम्मत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
