भवाली : भवाली से कैंची धाम पैदल जा रहे एक युवक की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को खाई से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार अनुराग बाजपेई (28) पुत्र कृष्ण कुमार बाजपेई निवासी मोसमद्दी, लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) सोमवार शाम करीब 7 बजे भवाली से कैंची धाम की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान निगलाट क्षेत्र के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल महामंत्री एवं टैक्सी यूनियन कैंची धाम के अध्यक्ष पवन भट्ट ने बताया कि पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को खाई से बाहर निकाला गया। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों से सावधानी बरतने और सतर्क होकर यात्रा करने की अपील की।
एसएसआई आसिफ खान ने बताया कि शव को मोर्चरी में रख दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मंगलवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
