हल्द्वानी : बस स्टेशन परिसर में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना ने वहां मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों को हिला कर रख दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक नथुवाखान सुयालगाड़ क्षेत्र के रहने वाले 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह बस स्टेशन परिसर में एक बेंच पर बैठे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह कुछ समय से वहीं मौजूद थे और अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। देखते ही देखते वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़े।
युवक को इस हालत में देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत शोर मचाया। सूचना मिलते ही रोडवेज कर्मचारियों ने बिना देर किए 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस को जानकारी दी।
कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रोडवेज कर्मचारियों के अनुसार युवक पिछले एक दिन से बस स्टेशन परिसर में ही घूमता हुआ नजर आ रहा था। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।
