नैनीताल : चर्चित यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग मामले में मंगलवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर तल्लीताल पुलिस ने भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को हिरासत में ले लिया। उसके साथ मौजूद चार बाउंसरों को भी पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई है।
पुलिस के अनुसार नरेश पांडे के खिलाफ मल्लीताल कोतवाली में शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी और यौन शोषण का मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि वह युवतियों को अपने जाल में फंसाकर उनके वीडियो बनवाता था और बाद में ब्लैकमेलिंग करता था। मामला सामने आने के बाद से पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
मंगलवार सुबह तल्लीताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। इस दौरान उसके साथ मौजूद चार बाउंसर, जो काले कपड़ों में थे और हथियारों से लैस बताए जा रहे हैं, उन्हें भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। मामले में कुछ और लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक सबूतों और अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है।
बताया जा रहा है कि नरेश पांडे खुद को व्यापारी नेता और समाजसेवी के रूप में पेश करता था, लेकिन उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने साफ कहा है कि महिलाओं और युवतियों का शोषण करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
