उत्तराखंड: पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन के बाद राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है। शासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार राजकीय शोक के दौरान प्रदेश के सभी जनपदों में सरकारी कार्यक्रम सीमित रहेंगे और किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। साथ ही 19 मई से 21 मई तक सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।
सरकार की ओर से यह भी बताया गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का अंतिम संस्कार 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। उनकी अंत्येष्टि के दिन प्रदेश सरकार के सभी कार्यालय बंद रखे जाएंगे।
इसी क्रम में शिक्षा विभाग ने भी आदेश जारी कर दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा और प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेजे गए हैं कि 20 मई को राज्य के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
आदेश में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में स्कूल, कॉलेज और शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यालयों में अवकाश रहेगा और शासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के निधन की खबर के बाद पूरे उत्तराखंड में शोक का माहौल है। राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े लोग लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

