नैनीताल: बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती एक मरीज अचानक अस्पताल से भाग निकला और मेट्रोपोल क्षेत्र में स्थित नाले में कूद गया। नाले में गिरने से मरीज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू कर दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार धुलई घोड़ाखाल निवासी यशपाल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती था। बुधवार सुबह जब डॉक्टर एमएस दुग्ताल मरीज को देखने वार्ड में पहुंचे, तो कुछ ही देर बाद यशपाल अस्पताल से चकमा देकर बाहर निकल गया।
बताया जा रहा है कि वह भागते हुए मेट्रोपोल इलाके तक पहुंचा और वहां स्थित नाले में छलांग लगा दी। नाले में गिरने के कारण उसे काफी चोटें आईं और वह घायल अवस्था में वहीं पड़ा रहा।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों की नजर घायल मरीज पर पड़ी। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद घायल मरीज को नाले से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से फिर से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
दीपक कार्की ने बताया कि मरीज मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल उसे सुरक्षित अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
