हल्द्वानी: पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट गुरुवार को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से बस के जरिए दिल्ली रवाना हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “इंधन बचाओ” अपील का समर्थन करते हुए सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को जरूरी बताया।.
..
.
हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर यात्रियों के बीच पहुंचे सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मौजूदा समय में ईंधन की बचत देशहित से जुड़ा बड़ा विषय है और हर नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लोग निजी वाहनों की बजाय बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करें तो इससे पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
सांसद अजय भट्ट के रोडवेज बस से यात्रा करने को लेकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में भी चर्चा रही। कई लोगों ने इसे सादगी और आम जनता से जुड़े रहने का संदेश बताया।
अजय भट्ट ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी आम लोगों की तरह सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग करना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और लोग भी ऐसे प्रयासों के लिए प्रेरित हों।
