भवाली: नैनीताल के जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने चर्चित नरेश पांडे मामले में दायर अग्रिम जमानत याचिका को स्वीकार कर लिया है। अदालत ने सुनवाई के लिए 26 मई 2026 की तारीख तय की है।
मामला उस समय चर्चा में आया था जब एक कॉलेज छात्रा ने कोतवाली पहुंचकर भवाली उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने बीते दिनों नरेश पांडे को भवाली स्थित उसके घर से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
पुलिस ने कई घंटों तक पूछताछ करने के बाद उसे वापस घर भेज दिया था। इस बीच सोशल मीडिया पर नरेश पांडे के कई वीडियो भी चर्चा में रहे, जिनमें वह गनर और बाउंसरों के साथ दिखाई देता नजर आया।
मामले में डीजीसी एस.के. शर्मा ने बताया कि अदालत ने पहले अग्रिम जमानत याचिका की मैन्टेनबिलिटी पर सुनवाई की और उसके बाद 26 मई को विस्तृत सुनवाई के लिए तारीख तय की है।
उन्होंने बताया कि अगली सुनवाई के दौरान न्यायालय संबंधित थाने से केस डायरी, पीड़िता के 164 के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, आरोपी का आपराधिक इतिहास और विवेचना अधिकारी को तलब करेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
