सीएम धामी ने 13 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
भीमताल: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल पहुंचकर नैनीताल जनपद को 96 करोड़ 71 लाख 19 हजार रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 6 योजनाओं का लोकार्पण और 7 योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही भीमताल क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने प्रदेशवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में 66.99 करोड़ रुपये की लागत वाली छह योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें कुमाऊं विश्वविद्यालय के भवनों का निर्माण एवं नवीनीकरण, डीएसबी परिसर में छात्रावास और आईटी लैब, सोनगांव में लेक्चर-कम-सेमिनार ब्लॉक तथा भीमताल में 10 शैय्यायुक्त आयुष चिकित्सालय जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा 29.71 करोड़ रुपये की लागत वाली सात नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें काठगोदाम बाईपास मार्ग, स्टील ट्रस पुल निर्माण, रामनगर-बेतालघाट मोटर मार्ग और आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के विकास कार्य प्रमुख हैं।
मुख्यमंत्री ने भीमताल क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सैनिकों और व्यापारियों के लिए बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण, भीमेश्वर मंदिर और ओखलकांडा पशुपतिनाथ मंदिर को मंदिर माला मिशन से जोड़ने, रामगढ़ उप तहसील के संचालन तथा प्राधिकरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठन की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क संपर्क को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
इस अवसर पर दीपक रावत, ललित मोहन रयाल, सरिता आर्या सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
