आईपीएस निवेदिता कुकरेती
आईपीएस निवेदिता कुकरेती
देहरादून: उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईपीएस और 5 पीपीएस अधिकारियों के प्रभारों में बदलाव किया है। इस बदलाव में कानून व्यवस्था, कुमाऊं रेंज, एसडीआरएफ, ट्रैफिक और पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे प्रमुख बदलावों में निवेदिता कुकरेती को कुमाऊं रेंज का नया आईजी बनाया गया है। वहीं ऋद्धिम अग्रवाल को आईजी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
विम्मी सचदेवा से कानून व्यवस्था का प्रभार वापस लेकर उन्हें पुलिस दूरसंचार और फायर सर्विस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कृष्ण कुमार वीके को आईजी यातायात और जीआरपी बनाया गया है।
अनंत शंकर ताकवाले को आईजी प्रशिक्षण के साथ-साथ सीआईडी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जबकि सुनील कुमार मीणा अब आईजी कार्मिक, पीएसी और पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इसके अलावा योगेंद्र सिंह रावत को कुंभ मेला हरिद्वार के साथ आईजी एसडीआरएफ का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे बरिंदरजीत सिंह को आईजी पुलिस मुख्यालय और पुलिस आधुनिकीकरण का दायित्व सौंपा गया है।
देहरादून की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अब जितेंद्र चौधरी संभालेंगे। वहीं लोकजीत सिंह को कानून व्यवस्था पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
शासन द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल को पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने और विभिन्न इकाइयों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों के सामने कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की चुनौती होगी।
