नई दिल्ली। आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार, 7 जून से लागू हो गई हैं।
ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं।
इससे पहले 7 मार्च को तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की थी। उस समय पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा बाजार में आई अस्थिरता को इसकी वजह बताया गया था।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि सरकार देशभर में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसके तहत घरेलू उत्पादन बढ़ाने और आयात को बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर लागत और बिक्री मूल्य के बीच का अंतर यानी ‘अंडर-रिकवरी’ अभी भी लगभग 700 रुपये प्रति सिलेंडर के आसपास है।
मंत्रालय के अनुसार हाल के समय में एलपीजी की मांग में आई कमी के पीछे कई कारण हैं। इनमें कमर्शियल और औद्योगिक उपभोक्ताओं की घटती खपत, बुकिंग चक्र का बेहतर प्रबंधन और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित व्यवस्था शामिल है।
रसोई गैस की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ने की संभावना है, खासकर उन परिवारों पर जो नियमित रूप से एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करते हैं।
