कोसी नदी में डूबे मयंक असवाल और अंकित रावत
कोसी नदी में डूबे मयंक असवाल और अंकित रावत
रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोसी बैराज के पास नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से दो युवक गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर आशीष रावत, रंजीत, मयंक असवाल और अंकित रावत कोसी बैराज के समीप नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान मयंक असवाल (24) निवासी धर्मपुर औलिया पीरूमदारा और अंकित रावत (24) निवासी हिम्मतपुर ब्लॉक अचानक नदी के गहरे हिस्से और तेज बहाव में फंस गए।
दोनों युवकों ने बचाव के लिए शोर मचाया, जिसके बाद उनके साथ मौजूद दोस्तों और आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नए पुल के पास नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल सरकारी अस्पताल रामनगर ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कोसी बैराज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग नदी के प्रतिबंधित और खतरनाक हिस्सों में नहाने पहुंचते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर गया है।
