एआई इमेज
उत्तराखंड :देहरादून समेत उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
राजधानी देहरादून में सुबह तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद अचानक घने बादल छा गए और कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। शाम के समय मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिला और तेज हवाओं के साथ बौछारों का दौर जारी रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी पर्वतीय जिलों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
