देहरादून: पटेल नगर क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई ज्वेलरी और नकदी बरामद की है। चोरी के बाद आरोपियों ने जेवरात गिरवी रखकर गोल्ड लोन भी ले लिया था।
जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 को हरबंशवाला निवासी कामनी देवी ने कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पटेल नगर स्थित चोटिया बाबा मंदिर के पास से शुभम पंवार उर्फ गोलू और सोनू उर्फ सादिक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई अंगूठी, कुछ नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बाकी ज्वेलरी चकराता रोड स्थित एक गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दी थी। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर फाइनेंस कंपनी से चोरी के जेवर भी बरामद कर लिए।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी Vinod Gusain ने बताया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शुभम पंवार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पहले से करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
