हल्द्वानी: नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 21 जून को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा में करीब 4080 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके मद्देनजर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभानी होगी।
परीक्षा के लिए एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूरे परीक्षा क्षेत्र को पांच जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। केंद्रों के भीतर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मी, एलआईयू, होमगार्ड और सीएपीएफ के जवान तैनात रहेंगे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए स्ट्रॉन्ग रूम से परीक्षा केंद्रों तक विशेष पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था भी की गई है।
पुलिस ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सघन जांच व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों और परीक्षा ड्यूटी में लगे स्टाफ की मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों से जांच की जाएगी। ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पकड़ने के लिए विशेष चेकिंग की व्यवस्था रहेगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा अलग से की जाएगी।
परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, लैपटॉप, टैबलेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी केंद्रों पर जैमर सक्रिय रहेंगे, जबकि सीसीटीवी कैमरों और बायोमेट्रिक सिस्टम के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी।
नकल माफिया, सॉल्वर गैंग और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए एसओजी, साइबर सेल और एलआईयू को सक्रिय किया गया है। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे और किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या सार्वजनिक गतिविधि की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने परीक्षा से पहले जिले के होटलों, रिजॉर्ट, गेस्ट हाउस, साइबर कैफे, वाई-फाई केंद्रों और फोटोकॉपी दुकानों की विशेष जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और बैरियरों पर सघन चेकिंग करने के लिए भी कहा गया है।
अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू और डायल-112 की टीमें भी तैनात रहेंगी। सभी सेक्टर अधिकारी सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व पुलिस बल भी तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।
नैनीताल पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
