हल्द्वानी: जनपद नैनीताल में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति को लेकर शनिवार को राज्य अतिथि गृह हल्द्वानी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जिले में चल रहे गणना फॉर्मों के डिजिटलीकरण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान कालाढूंगी, भीमताल, हल्द्वानी और नैनीताल विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटलीकरण की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम बूथवार समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करें।
डॉ. जोगदंडे ने कहा कि जिन बूथों पर कार्य की गति कम है, वहां विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके लिए अतिरिक्त डाटा एंट्री ऑपरेटरों की तैनाती करने के साथ-साथ मोबाइल टीमों को भी सहयोगी भूमिका में लगाया जाए, ताकि डिजिटलीकरण का कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या है, वहां मोबाइल और आईटी टीमों को भेजकर बीएलओ को आवश्यक तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध होते हैं और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान भी उसी श्रेणी का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है, वहां से गणना फॉर्म एकत्र कर केंद्र स्तर पर डिजिटलीकरण कराया जाए। साथ ही जो घर बंद मिलते हैं, वहां कम से कम तीन बार संपर्क किया जाए, बूथ लेवल एजेंट को साथ रखा जाए और पूरी प्रक्रिया का उचित दस्तावेजीकरण किया जाए।
बैठक के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को बीएलओ ऐप के नए मॉड्यूल्स का प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जा सके।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे सहित जिले के सभी उपजिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद रहे।
