एसओजी जवान गिरीश भट्ट
चंपावत: जिले के बनबसा क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। चंपावत एसओजी में तैनात जवान गिरीश भट्ट की जिम में व्यायाम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बनबसा निवासी गिरीश भट्ट रोजाना की तरह एक स्थानीय जिम में व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। जिम में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
38 वर्षीय गिरीश भट्ट चंपावत एसओजी में तैनात थे और अपनी कार्यकुशलता तथा सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते थे। पुलिस के कई महत्वपूर्ण अभियानों में उन्होंने अहम जिम्मेदारी निभाई थी। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई।
गिरीश भट्ट अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। वह मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के निवासी थे और वर्तमान में बनबसा में रह रहे थे। जवान की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर पर लोगों का लगातार पहुंचना जारी है और परिजनों को सांत्वना दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों, जवानों, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गिरीश भट्ट के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
दिवंगत जवान का अंतिम संस्कार बनबसा स्थित शारदा घाट श्मशान में पूरे सम्मान के साथ किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
