हल्द्वानी: पारिवारिक विवाद का एक मामला अब साइबर अपराध तक पहुंच गया है। तीनपानी क्षेत्र की एक महिला ने अपनी देवरानी पर सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने और मानसिक उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला का आरोप है कि उसकी देवरानी ने उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया और वहां उसकी तथा उसकी नाबालिग बेटी की तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल किया। शिकायत के मुताबिक इन पोस्टों के साथ आपत्तिजनक गाने और अभद्र टिप्पणियां जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
पीड़िता का कहना है कि इस घटना से न केवल उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई, बल्कि उसकी नाबालिग बेटी भी मानसिक रूप से परेशान हुई है। महिला के अनुसार मामला केवल फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार को बदनाम करने की सुनियोजित कोशिश भी की गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे फोन के माध्यम से धमकियां दी गईं। उसका कहना है कि उसे जान से मारने और दुर्घटना कराने की चेतावनी तक दी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ समय पहले उसके साथ मारपीट का प्रयास भी किया गया था।
पीड़िता ने बताया कि उसने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसे अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए।
कोर्ट के आदेश के बाद हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
