फोटो : साेशल मीड़िया
फोटो : साेशल मीड़िया
हल्द्वानी: नीट की तैयारी कर रही मध्य प्रदेश की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मुखानी क्षेत्र में किराये के पीजी में रह रही 19 वर्षीय छात्रा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी (मध्य प्रदेश) निवासी अंजलि जाटव बीते माह हल्द्वानी आई थी और एक निजी संस्थान से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। फिलहाल उसकी नियमित कक्षाएं शुरू नहीं हुई थीं और वह प्रारंभिक कक्षाओं में शामिल हो रही थी। छात्रा मुखानी स्थित एक पीजी में रह रही थी।
मंगलवार देर रात उसकी एक सहेली को किसी युवक का फोन आया, जिसने बताया कि अंजलि फोन नहीं उठा रही है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस और स्थानीय लोगों को दी गई। जब कमरे की जांच की गई तो छात्रा फंदे से लटकी मिली। खिड़की की जाली काटकर उसे नीचे उतारा गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके की जांच के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन कमरे से बरामद एक डायरी में लिखी कुछ पंक्तियों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। डायरी में दर्ज एक टिप्पणी के आधार पर पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि छात्रा के परिवार का पहले भी हल्द्वानी से जुड़ाव रहा है। उसका भाई यहां रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर चुका है और वर्तमान में मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहा है। इसी कारण परिवार ने अंजलि को भी उच्च शिक्षा के लिए हल्द्वानी भेजा था।
पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना से पहले संपर्क में रहे लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों के हल्द्वानी पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
