महिला के कपड़े चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
महिला के कपड़े चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी: हल्द्वानी में महिला की गरिमा से जुड़ी एक संवेदनशील घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महेश नगर क्षेत्र में रात के अंधेरे में घर की दीवार फांदकर महिलाओं के कपड़े चोरी करने वाले युवक को पुलिस ने दबोच लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, नवाबी रोड स्थित महेश नगर क्षेत्र की एक महिला ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जून की रात करीब 3:23 बजे एक अज्ञात युवक उनके घर की चारदीवारी पार कर अंदर घुस गया और बाहर सूख रहे महिलाओं के कपड़े लेकर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और वायरल वीडियो का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पड़ताल के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
24 जून को पुलिस ने पंचायतघर रोड स्थित क्रिकेट मैदान के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान निकेत सिंह बिष्ट (34 वर्ष) पुत्र खीम सिंह बिष्ट निवासी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा, मुखानी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए महिलाओं के कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। मामले के खुलासे में हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
