हल्द्वानी के वी एम स्कूल लगी भीषण आग
हल्द्वानी के वी एम स्कूल लगी भीषण आग
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर से मंगलवार शाम एक बड़ी घटना सामने आई, जब मुखानी क्षेत्र स्थित केवीएम स्कूल परिसर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल भवन का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल भवन के एक हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुआं दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस ने भी एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी। आग बुझाने का अभियान देर तक जारी रहा।
;
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल में किसी के फंसे होने या किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इसी घटना के बाद उत्तराखंड सरकार ने प्रदेशभर में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की समीक्षा के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों, स्कूलों, मॉल, होटलों और अन्य सार्वजनिक भवनों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए थे।
.
.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा था कि अग्नि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही भवनों में लगे अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं और आपदा के समय निकासी योजनाओं की भी जांच करने के निर्देश दिए गए थे।
केवीएम स्कूल में लगी आग की घटना के बाद अब प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और विशेषज्ञों की टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर स्कूल भवन में आग कैसे लगी।
