प्रतीकात्मक तस्वीर.
प्रतीकात्मक तस्वीर.
रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की कृष्णा बिहार कॉलोनी में एक किराएदार का शव उसके कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान कमलेश चंद्र दुबे (48 वर्ष) निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो लंबे समय से कृष्णा बिहार कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे। बुधवार शाम आसपास के लोगों को काफी देर तक कमरे में कोई हलचल दिखाई नहीं दी। संदेह होने पर पड़ोसियों ने अंदर झांककर देखा तो कमलेश कमरे के फर्श पर पड़े दिखाई दिए।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बंद गेट खुलवाकर कमरे के अंदर प्रवेश किया। जांच के दौरान कमलेश को मृत पाया गया। पुलिस के अनुसार मृतक के नाक और मुंह से खून निकल रहा था, जबकि शरीर पर चोट के कुछ निशान भी दिखाई दिए। कमरे से किसी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कमलेश शराब का सेवन करते थे। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित एंगल पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
