एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संगठनों का टकराव
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के एमबीपीजी कॉलेज में गुरुवार को दो छात्र संगठनों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गया। पोस्टर लगाने और हस्ताक्षर अभियान को लेकर एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान एक छात्र घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा था। कॉलेज परिसर में परीक्षाएं होने के कारण संगठन ने अपना कार्यक्रम परिसर के बाहर आयोजित किया था।
इसी दौरान एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेता मेहुल साह ने नीट-यूजी और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में कॉलेज परिसर के भीतर हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया। इसे लेकर दोनों छात्र संगठनों के बीच पहले बहस हुई और फिर पोस्टर लगाने को लेकर विवाद गहरा गया।
मामले की जानकारी मिलने पर कॉलेज प्रशासन ने हस्तक्षेप किया। प्राचार्य प्रो. एन.एस. बनकोटी ने दोनों पक्षों को बुलाकर परीक्षाएं समाप्त होने तक किसी भी तरह के कार्यक्रम नहीं करने की हिदायत दी और परिसर में शांति बनाए रखने को कहा। हालांकि कुछ देर बाद कॉलेज के मुख्य द्वार के पास दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए।
बताया जा रहा है कि पोस्टरों और एक-दूसरे पर की गई टिप्पणियों को लेकर विवाद दोबारा भड़क गया और दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और शिक्षकों ने तत्काल बीच-बचाव कर हालात को नियंत्रित किया और छात्रों को वहां से हटाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी कॉलेज पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं कॉलेज प्रशासन ने परीक्षाओं के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए कोतवाली पुलिस से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। प्राचार्य ने कॉलेज परिसर में दो पुरुष और दो महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है, ताकि आगामी दिनों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जा सकें।
