एआई इमेज
देहरादून:
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रविवार 28 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 और 29 जून को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
30 जून को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में बदलाव साफ महसूस होगा।
एक जुलाई को भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और देहरादून समेत कई क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने से बचें। भूस्खलन संभावित इलाकों, नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखें, क्योंकि लगातार बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। मौसम की चेतावनी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
