नैनीताल। नैनीताल के तल्लीताल डांठ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ पर्यटकों की लापरवाही सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में कुछ पर्यटक प्रतिमा पर चढ़कर और उसके गले में हाथ डालकर फोटो खिंचवाते दिखाई दिए। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि तल्लीताल डांठ के सौंदर्यीकरण के दौरान अगस्त 2025 में नई गांधी जी की नयी प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस प्रतिमा में महात्मा गांधी को चरखा चलाते हुए दर्शाया गया है। इसके बाद पहले से मौजूद पुरानी प्रतिमा का रंग रोगन कराया गया और अक्टूबर 2025 में उसे भी डांठ के किनारे कलेक्ट्रेट की ओर दोबारा स्थापित कर दिया गया। वर्तमान में इस स्थान पर गांधी जी की दोनों प्रतिमाएं लगी हुई हैं।
तल्लीताल डांठ के बीचों बीच नई प्रतिमा के साथ गांधी जी के तीन बंदरों की मूर्तियां भी लगाई गई हैं, जिससे यह स्थान पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर तस्वीरें और सेल्फी लेते हैं। हालांकि, कुछ पर्यटक प्रतिमा पर चढ़कर फोटो खिंचवाने से भी नहीं चूक रहे हैं।
बीते दिन। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में कुछ लोग गांधी जी की प्रतिमा पर बैठे और खड़े होकर फोटोज खिंचवाते नजर आए। वहीं कुछ बच्चों को जूते पहने हुए प्रतिमा के बेहद करीब और गले में हाथ डालकर फोटो खिंचवाते देखा गया। इन फोटोज के सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद लोगों ने इसे महापुरुष की प्रतिमा का अनादर बताते हुए नाराजगी जताई।
वायरल तस्वीरों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की गरिमा बनाए रखने की अपील भी की है।
